Friday, 29 April 2016

शिव जी के दस अवतार -- डाॅ कृष्ण पाल त्रिपाठी

           शिव जी अत्यन्त दयालु एवं भक्तवत्सल हैं।उन्होंने लोकहित के लिए असंख्य अवतार लिये हैं।उनके उन अवतारों मे महाकाल आदि दस अवतार विशेष प्रसिद्ध हैं।ये दसों अवतार इस प्रकार हैं --
1-- महाकाल -- शिव जी के दस अवतारों मे प्रथम अवतार महाकाल के नाम से प्रसिद्ध है।यह सत्पुरुषों को भोग और मोक्ष प्रदान करने वाला है।इस अवतार की शक्ति का नाम महाकाली है।
2-- तार -- शिव जी के द्वितीय अवतार का नाम तार है।उनकी शक्ति का नाम तारा देवी है।ये दोनो मिलकर अपने भक्तों को भुक्ति ; मुक्ति एवं सुख प्रदान करते हैं।
3-- बाल भुवनेश -- शिव जी का तृतीय अवतार बाल भुवनेश के नाम से प्रसिद्ध है।उनकी शक्ति का नाम बाल भुवनेशी शिवा है।ये सज्जनों को सुख प्रदान करने वाले हैं।
4-- षोडश श्रीविद्येश -- यह शिव जी का चतुर्थ अवतार है।यह अवतार अपने भक्तों के लिए अत्यन्त सुखद एवं भोग-मोक्ष प्रदायक रूप मे प्रसिद्ध है।उनकी शक्ति का नाम षोडशी श्रीविद्या शिवा है।
5-- भैरव -- यह शिव जी का पञ्चम अवतार है।यह अवतार अपने भक्तों की समस्त कामनाओं को पूर्ण करने के लिए विशेष प्रसिद्ध है।इनकी शक्ति का नाम भैरवी गिरिजा है।
6-- छिन्नमस्तक -- शिव जी का षष्ठ अवतार छिन्नमस्तक के रूप मे प्रसिद्ध है।इनकी शक्ति का नाम छिन्नमस्ता है।
7-- धूमवान् -- शिव जी का सप्तम अवतार धूमवान् के नाम प्रसिद्ध है।उस समय इनकी शक्ति के रूप मे धूमावती माता प्रकट हुईं थीं।
8-- बगलामुख -- शिव जी का अष्टम अवतार बगलामुख नाम से विख्यात है।ये अपने भक्तों के लिए परम सुखदायक माने जाते हैं।इनकी शक्ति का नाम बगलामुखी है।इनकी शक्ति एवं सामर्थ्य अपरम्पार है।
9-- मातंग -- शिव जी का नवम अवतार मातंग नाम से प्रसिद्ध है।इनकी शक्ति का नाम शर्वांगी मातंगी है।ये अपने भक्तों की सम्पूर्ण अभिलाषाओं को पूर्ण करने वाली हैं।
10-- कमल -- यह शिव जी का दशम अवतार है।अपने भक्तों को भुक्ति-मुक्ति प्रदान करने मे इनकी विशेष रुचि है।इनकी शक्ति के रूप मे कमला जी अवतरित हुई थीं।

No comments:

Post a Comment